सुधर जाएं विधायक, वरना ऐसा खुलासा करूंगी कि मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे: गुढ़ नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना सिंह
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई है। नगर परिषद गुढ़ की अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने प्रेसवार्ता कर गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए और कहा, "विधायक सुधर जाएं, वरना ऐसा खुलासा करूंगी कि मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे।" इस बयान के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
डॉ. अर्चना सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें नगर परिषद अध्यक्ष पद से हटाने के लिए विधायक नागेंद्र सिंह के इशारे पर 13 पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। उन्होंने कहा कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक साजिश का हिस्सा है और वह किसी भी दबाव में झुकने वाली नहीं हैं। यदि उनके खिलाफ षड्यंत्र जारी रहा तो वह कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा करेंगी।
उन्होंने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव के मामले में हाईकोर्ट की डबल बेंच से उन्हें 12 अगस्त तक स्थगन (स्टे) मिला है। उन्होंने इसे न्याय की जीत बताते हुए कहा कि राजनीतिक दबाव बनाकर उन्हें हटाने की कोशिश की जा रही है।
प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. अर्चना सिंह ने विधायक के पूर्व निजी सहायक बाबूलाल यादव का भी उल्लेख किया। हालांकि उन्होंने किसी कथित वीडियो या अन्य सामग्री का खुलासा नहीं किया, लेकिन संकेत दिए कि समय आने पर कई जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी।
गुढ़ की राजनीति में यह विवाद इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि विधायक नागेंद्र सिंह और डॉ. अर्चना सिंह के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध बताए जाते रहे हैं। अब दोनों नेताओं के बीच खुलकर सामने आए मतभेदों ने भाजपा की आंतरिक गुटबाजी को उजागर कर दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विवाद अब केवल नगर परिषद के अविश्वास प्रस्ताव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भाजपा के भीतर शक्ति संघर्ष का रूप ले चुका है। फिलहाल विधायक नागेंद्र सिंह की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
