मनगवां: सूरा के घुरिहा टोला में जलभराव से ग्रामीण परेशान, घरों में घुसा बरसाती पानी
मनगवां | रोहित तिवारी बाबा की रिपोर्ट
रीवा जिले के मनगवां जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सूरा के घुरिहा टोला स्थित हरिजन-आदिवासी बस्ती में लगातार बारिश के चलते गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसाती पानी कई घरों के आसपास ही नहीं, बल्कि घरों के भीतर तक पहुंच गया है। इससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती में नाली निर्माण एवं जल निकासी की मांग कई बार ग्राम पंचायत से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते नाली का निर्माण कराया जाता, तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
ग्रामीणों के अनुसार राकेश कुमार साकेत, बिनोद साकेत, संजय साकेत, राजमणि साकेत, रामबहोर कोल, मुकेश कोल, शकुंतला साकेत सहित सैकड़ों परिवार जलभराव से प्रभावित हैं। घरों में पानी भरने से लोगों की दैनिक दिनचर्या बाधित हो गई है तथा बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव के कारण बस्ती में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक पानी भरा रहने से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
बारिश के कारण बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ा है। पानी से भरे रास्तों के चलते कई बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। वहीं लगातार जलभराव से कच्चे और कमजोर मकानों के क्षतिग्रस्त होने तथा गिरने की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि शिकायत के बावजूद नाली निर्माण नहीं कराया गया। हालांकि, इस संबंध में सरपंच का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए तथा स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से राहत मिल सके।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
