सीलबंद लिफाफे में सुई से छेद कर एंडोस्कोपी कैमरे से खींची पेपर की फोटो, कृषि परीक्षा लीक मामले में प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार
बुलेट रिपोर्टर रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर परीक्षा पेपर लीक का अनोखा मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार दुर्ग स्थित भारती कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया ने सीलबंद लिफाफे से प्रश्नपत्र की तस्वीरें निकालने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया।
आरोप है कि प्रोफेसर ने सीलबंद लिफाफे में सुई से बारीक छेद किया और उसमें मेडिकल एंडोस्कोपी कैमरा डालकर प्रश्नपत्र की तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद प्रश्नपत्र को हाथ से लिखकर छात्रों को करीब 11 हजार से 12 हजार रुपये में बेचा गया।
परीक्षा शुरू होने से लगभग 2 घंटे पहले प्रश्नपत्र व्हाट्सएप के माध्यम से वायरल हो गया, जिसके बाद विश्वविद्यालय और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया के अलावा अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पांडेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। पेपर लीक के कारण रद्द की गई परीक्षा अब सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा में पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों के बीच पुलिस और जांच एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
