दूधिया घाट में मछली पकड़ने गया अतिथि शिक्षक सोन नदी में डूबा, एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
बुलेट रिपोर्टर अनूपपुर। जैतहरी थाना क्षेत्र के क्योंटार गांव स्थित सोन नदी के दूधिया घाट में रविवार को मछली पकड़ने गए एक अतिथि शिक्षक के नदी में डूब जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय महेंद्र चौधरी शासकीय मॉडल स्कूल लहरपुर मुर्रा में अतिथि शिक्षक के रूप में पदस्थ थे। रविवार सुबह वह अपने एक साथी शिक्षक के साथ दूधिया घाट पर मछली पकड़ने गए थे। शाम करीब 4:30 बजे लौटते समय उनका पैर पानी के भीतर किसी वस्तु में उलझ गया।
साथ मौजूद शिक्षक ने बताया कि महेंद्र ने पैर में अजगर जैसे किसी जीव के लिपटे होने की आशंका जताई थी। इसके कुछ ही क्षण बाद वह नदी के गहरे पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही जैतहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खोजबीन शुरू की गई। हालांकि नदी का जलस्तर अधिक होने और गहराई के कारण देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।
पुलिस के अनुसार, अजगर या किसी अन्य कारण से हादसा होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है, जबकि एसडीआरएफ की टीम लापता शिक्षक की तलाश में जुटी हुई है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
