मऊगंज के नईगढ़ी अस्पताल में माली बना सर्जन, घायल के सिर पर लगाए टांके; वीडियो वायरल
बुलेट रिपोर्टर मऊगंज। मऊगंज जिले के नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। वीडियो में अस्पताल का एक माली घायल मरीज के सिर पर टांके लगाता दिखाई दे रहा है। घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मामला नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अस्पताल का माली जानकी कुशवाहा ग्लव्स पहनकर घायल मरीज के सिर पर टांके लगाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि 21 जुलाई को जमीन विवाद में घायल हुए छोटेलाल कोल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे और मरीज का उपचार माली से कराया गया।
वीडियो बनते ही उपचार छोड़कर चला गया माली
आरोप है कि जैसे ही माली को वीडियो बनाए जाने की जानकारी मिली, वह उपचार बीच में ही छोड़कर वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि मरीज के सिर में सुई लगी रह गई और वह दर्द से तड़पता रहा। बाद में उसी माली ने लौटकर टांके पूरे किए। इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अस्पताल में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी पदस्थ हैं, तो एक माली से मरीज का इलाज क्यों कराया गया? यदि डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होगी? स्थानीय लोगों का आरोप है कि नईगढ़ी अस्पताल में पहले भी लापरवाही के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
यह वायरल वीडियो सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर तस्वीर पेश कर रहा है। अब सभी की नजर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी है कि इस मामले में जिम्मेदारों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
