एसी कमरे में सो रहा था पूरा परिवार, 100 साल पुराना मकान बना कब्रगाह: प्रतापगढ़ हादसे में 6 की मौत, एक गंभीर
बुलेट रिपोर्टर प्रतापगढ़/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में करीब 100 साल पुराना जर्जर दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सात सदस्य वातानुकूलित (एसी) कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे। मकान गिरने से पूरा कमरा मलबे में दब गया और देखते ही देखते खुशहाल परिवार मातम में बदल गया।
तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। स्थानीय लोगों और राहत-बचाव दल ने घंटों की मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी सात लोगों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है।
हादसे में जान गंवाने वालों में प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव, बेटा नितिन श्रीवास्तव, बहू माधुरी श्रीवास्तव तथा दो मासूम बच्चे माधो और अद्विक शामिल हैं। एक साथ छह लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान काफी पुराना और जर्जर था। अचानक ढहने से परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका। राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय नागरिकों की मदद से अभियान चलाकर मलबा हटाया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, घायल को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।
फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है। प्रारंभिक तौर पर मकान की जर्जर स्थिति को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
