सड़क के अभाव में खाट पर अस्पताल ले जाते समय सर्पदंश पीड़ित की मौत
बुलेट रिपोर्टर रीवा। मनगवां थाना क्षेत्र की गंगेव तहसील के दुबहाई गांव में सड़क सुविधा के अभाव ने एक सर्पदंश पीड़ित की जान ले ली। सर्प के काटने के बाद नंदलाल शुक्ला को परिजन इलाज के लिए खाट पर लेकर मुख्य मार्ग की ओर निकले, लेकिन गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी।
बताया गया है कि नंदलाल शुक्ला को देर रात सर्प ने काट लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए खाट पर लेकर निकल पड़े। बारिश के बीच सड़क नहीं होने के कारण करीब तीन घंटे तक परिजन मरीज को खाट पर लेकर चलते रहे।
जब तक परिजन मुख्य सड़क तक पहुंचे, तब तक नंदलाल की सांसें थम चुकी थीं। समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी जिले के कई गांव और मजरे-टोले सड़क सुविधा से वंचित हैं। बारिश के मौसम में इन क्षेत्रों में आवागमन की समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुबहाई गांव में सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सड़क और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
