सेमरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध कट्टा लहराने वाला सह आरोपी गिरफ्तार; आरोपी पर पहले से 4 अपराध दर्ज
बुलेट रिपोर्टर रीवा। सेमरिया पुलिस ने अवैध देशी कट्टा लहराकर आम लोगों में दहशत फैलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन और एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थाना सेमरिया में पदस्थ सउनि. रामशिरोमणि सिंह बघेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंदेल वेयर हाउस के पास चचाई गोदहा मेन रोड पर एक व्यक्ति अवैध देशी कट्टा लेकर उसे लहराते हुए राहगीरों को डरा-धमका रहा है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम जय प्रताप सिंह पिता लेखमणि सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम इमली टोला बींडा, थाना सेमरिया, जिला रीवा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लोहे का एक देशी कट्टा बरामद हुआ। कट्टे के संबंध में दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने गवाहों के समक्ष कट्टा जब्त कर आरोपी का कथन दर्ज किया।
पूछताछ में दूसरे आरोपी का नाम सामने आया
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान जय प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद देशी कट्टा प्रशांत शर्मा उर्फ बडगंईया का है। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर प्रशांत शर्मा को दस्तयाब कर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद गिरफ्तारी का कारण बताते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दी गई और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी पर पहले से चार मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रशांत शर्मा उर्फ बडगंईया पिता मोतीलाल शर्मा, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम तिलखन थाना बैकुंठपुर, जिला रीवा, हाल निवासी ग्राम बींडा थाना सेमरिया, जिला रीवा के खिलाफ पूर्व से चार आपराधिक मामले पंजीबद्ध हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल, प्रधान आरक्षक आशीष विश्वकर्मा, आरक्षक अनमोल श्रीवास्तव, आरक्षक विक्रम वर्मा और आरक्षक विवेक सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
