छोटी सी उम्र में बड़ा कमाल: 16 साल की प्रत्युषा ने पहले प्रयास में पास की स्टेनोग्राफर परीक्षा
बुलेट रिपोर्टर छिंदवाड़ा। छोटी सी उम्र में शहर की एक सामान्य परिवार की बेटी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। त्रिलोकी नगर निवासी प्रत्युषा नामदेव ने महज 16 वर्ष की उम्र में अपने पहले ही प्रयास में स्टेनोग्राफर की परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रत्युषा ने दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कुछ अलग करने का सपना देखा। इसी उद्देश्य से उन्होंने स्थानीय महिला आईटीआई में स्टेनोग्राफर ट्रेड में प्रवेश लिया और नियमित मेहनत के साथ पढ़ाई शुरू की। हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर परिवार का नाम रोशन किया।
प्रत्युषा का परिवार सामान्य परिस्थितियों में जीवन यापन करता है। उनके पिता प्रशांत नामदेव कपड़े की दुकान में काम करते हैं और इसी आय से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं उनकी माता शीतला नामदेव गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रत्युषा ने पढ़ाई के प्रति लगन और मेहनत को अपना हथियार बनाया और कम उम्र में यह मुकाम हासिल किया।
प्रत्युषा की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सामान्य पारिवारिक परिस्थितियों में रहते हुए अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। परिवार के सदस्यों और परिचितों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
