BJP नेता से TI बोले- ‘नौटंकी मत कर, FIR ठोक दूंगा’, थाने के गेट पर जमकर बहस
बुलेट रिपोर्टर रीवा। सिविल लाइन थाने में नशीली कफ सिरप के मामले को लेकर भाजपा नेता और थाना प्रभारी के बीच तीखी बहस का वीडियो सामने आया है। भाजपा नेता बंसीलाल साहू समर्थकों के साथ कोरेक्स मामले में हिरासत में लिए गए युवक के पक्ष में थाने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा उनकी बात नहीं सुने जाने पर भाजपा नेता थाने के मुख्य गेट पर बैठकर विरोध जताने लगे। इसी दौरान थाना प्रभारी विजय सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों के बीच जमकर बहसबाजी हुई।
वायरल वीडियो में थाना प्रभारी भाजपा नेता को गेट से उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वे कहते सुनाई दे रहे हैं कि, “नौटंकी मत कर, वरना FIR ठोक दूंगा।” वीडियो में दोनों के बीच तू-तड़ाक के साथ बातचीत होती नजर आ रही है।
भाजपा नेता बंसीलाल साहू ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने उनके साथ बदसलूकी की और सिर पर थप्पड़ मारा। हालांकि वायरल वीडियो में थप्पड़ मारने का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है।
आइसक्रीम ठेले से मिली थीं 12 सीसी कोरेक्स
दरअसल, सिविल लाइन पुलिस ने एक आइसक्रीम ठेले से 12 सीसी कोरेक्स सिरप जब्त की थी। पुलिस ने इस मामले में पुनीत साहू उर्फ पंकज को हिरासत में लिया है। भाजपा नेता का कहना है कि पुनीत निर्दोष है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
भाजपा नेता ने लगाया बदसलूकी का आरोप
बंसीलाल साहू का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनका आवेदन लेने के बजाय उनके साथ गलत व्यवहार किया। इसके बाद उन्होंने समर्थकों के साथ थाने के गेट पर बैठकर विरोध जताया।
TI बोले- भीड़ के दबाव में नहीं होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा कि पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की है। मौके से 12 सीसी कोरेक्स सिरप बरामद हुई थीं और इसी मामले में पुनीत साहू उर्फ पंकज को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने कहा कि थाने के गेट पर बैठकर विरोध करना उचित नहीं है। पुलिस किसी दबाव में काम नहीं करेगी और मामले की कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी।
फिलहाल भाजपा नेता और थाना प्रभारी के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पक्षों के आरोपों के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
