प्रयागराज में भाजपा नेता पर हमला, भीड़ ने घेरकर वाहन में की तोड़फोड़; पार्टी का झंडा सड़क पर फेंका
बुलेट रिपोर्टर प्रयागराज। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक सहित अन्य मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे युवकों द्वारा प्रयागराज में भाजपा नेता की गाड़ी पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने वाहन को घेरकर उसमें जमकर तोड़फोड़ की और पार्टी का झंडा निकालकर सड़क पर फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार, रीवा जिले के चाकघाट निवासी भाजपा नेता प्रशांत पाठक इलाज के सिलसिले में एक दिन पहले प्रयागराज गए थे। शनिवार शाम जब वे वापस लौट रहे थे, तभी प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे युवकों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने करीब एक घंटे तक वाहन को घेरकर रखा। इस दौरान गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए और भाजपा का झंडा निकालकर सड़क पर फेंक दिया गया। आरोप है कि प्रदर्शनकारी भाजपा नेता पर हमला करने की कोशिश भी कर रहे थे।
स्थिति बिगड़ने पर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को वहां से निकाल लिया, जिससे भाजपा नेता सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
घटना के बाद भाजपा नेता प्रशांत पाठक ने प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
