शिक्षक के खाते से 4.50 लाख पार, बेटी की शादी के लिए जोड़ रखी थी रकम
बुलेट रिपोर्टर रीवा। गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पनगढ़ी निवासी शिक्षक कमलेश्वर तिवारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब 4.50 लाख रुपए पार कर दिए। शिक्षक ने यह रकम अपनी बेटी की शादी के लिए जमा कर रखी थी। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से करीब 1 लाख रुपए होल्ड करा दिए हैं।
मोबाइल गर्म होता रहा, खाते से निकलते रहे रुपए
पीड़ित शिक्षक के मुताबिक घटना से कुछ दिन पहले उनके मोबाइल फोन में तकनीकी खराबी आने लगी थी। मोबाइल लगातार गर्म हो रहा था और बैटरी भी तेजी से डिस्चार्ज हो रही थी। इसी वजह से वह कई बार मोबाइल घर पर ही छोड़कर चले जाते थे।
शिक्षक को आशंका है कि किसी संदिग्ध ऐप के जरिए उनके मोबाइल में सेंध लगाई गई। फोन बैकग्राउंड में लगातार एक्टिव रहने के कारण मोबाइल गर्म होने और बैटरी तेजी से खत्म होने जैसी समस्या सामने आ रही थी।
कियोस्क सेंटर पहुंचने पर खुला ठगी का राज
साइबर ठगी का पता शिक्षक को तब चला, जब वह दैनिक खर्च के लिए पैसे निकालने नजदीकी कियोस्क सेंटर पहुंचे। खाते का बैलेंस चेक करने पर उन्हें करीब 4.50 लाख रुपए गायब मिले। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
साइबर सेल ने करीब 1 लाख रुपए कराए होल्ड
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलते ही साइबर सेल की टीम ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर कार्रवाई शुरू की। ठगी के दौरान ट्रांसफर की गई रकम में से करीब 1 लाख रुपए होल्ड कराए गए हैं।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई और इस वारदात में कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से मोबाइल में अनजान ऐप इंस्टॉल नहीं करने की अपील की है। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और किसी अनजान व्यक्ति को बैंकिंग संबंधी जानकारी देने से बचने की सलाह दी गई है।
पुलिस के मुताबिक मोबाइल में असामान्य गर्मी, बैटरी तेजी से खत्म होने या किसी अनजान गतिविधि के संकेत दिखाई दें तो तत्काल इसकी जांच करानी चाहिए।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
