खरीफ-2025 फसल बीमा: 10.54 लाख किसानों के खातों में ₹1460.25 करोड़ ट्रांसफर
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ-2025 की फसल बीमा दावा राशि के रूप में प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के खातों में 1460 करोड़ 25 लाख रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित किए। यह राशि जगदीशपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद जारी की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली फसल क्षति की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौसम की अनिश्चितता और अल-नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए फसल बीमा किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगा।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रभावित किसानों को कुल 30,942.34 करोड़ रुपये की दावा राशि का भुगतान किया जा चुका है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
