रीवा में बेखौफ चोरों का आतंक: ज्वेलरी शॉप का शटर और कांच तोड़कर 2 लाख के जेवरात चोरी
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पद्मधर कॉलोनी स्थित सिद्धिविनायक ज्वेलर्स को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए दुकान का शटर और अंदर लगा कांच तोड़कर करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और कुछ ही मिनटों में सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए। सुबह दुकान संचालक संतोष सोनी को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है, जिसमें आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके में स्थित ज्वेलरी दुकान में इस तरह की चोरी से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
