नशे के खिलाफ रीवा पुलिस का जनजागरण अभियान, नागरिकों ने ली शपथ—'न खुद करेंगे नशा, न किसी को करने देंगे'
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत रीवा पुलिस ने शनिवार को शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान नागरिकों और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
सिटी कोतवाली पुलिस ने कबाड़ी मोहल्ला, ईको पार्क एवं झुग्गी बस्तियों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राजीव पाठक ने उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि "नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को बर्बाद कर देता है।"
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं मादक पदार्थों की बिक्री या अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी निशा मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अभियान के तहत सेमरिया पुलिस ने सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
वहीं सगरा थाना प्रभारी दीपक तिवारी ने कहा कि "नशे के खिलाफ इस लड़ाई में हर नागरिक को पुलिस का सहयोगी बनना होगा। जनभागीदारी से ही नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है।"
अभियान के अंत में नागरिकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि "न खुद नशा करेंगे, न किसी को नशा करने देंगे तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करेंगे।"
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
