सीएम मोहन यादव ने मैहर से लाड़ली बहनों को जारी की 39वीं किस्त, खातों में पहुंची 1750 रुपये की राशि
बुलेट रिपोर्टर मैहर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी की।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र बहनों के बैंक खातों में 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। इसमें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में 1,500 रुपये प्रति हितग्राही और रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि शामिल है।
इस तरह प्रत्येक पात्र लाड़ली बहना के खाते में कुल 1,750 रुपये की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से पहुंची।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर जिले को 256 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात भी दी। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया, साथ ही कई योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जून 2023 में योजना की शुरुआत से लेकर अगस्त 2026 तक 39 किस्तों के माध्यम से लाभार्थी महिलाओं के खातों में 63 हजार 248 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लाड़ली बहनों को राशि नहीं देने की बात करती है और जब सरकार राशि देती है तो महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान देती है। उन्होंने महिलाओं से आगामी चुनाव में कांग्रेस को जवाब देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैहर में 12 प्रमुख अधिकारी महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की दिशा में काम कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध करती है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बरगी नहर का कार्य पूरा हो चुका है और नर्मदा का जल मैहर, सतना, रीवा और पन्ना जिलों की धरती को सिंचित करेगा। इससे किसानों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र में खुशहाली आएगी।
बाइट - डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
