निगम आयुक्त अक्षत जैन ने किया बस डिपो का निरीक्षण, एक सप्ताह में शुरू होगी इलेक्ट्रिक बस सेवा
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन ने गुरुवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बस डिपो का निरीक्षण कर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारंभ किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बस डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जर स्थापित किए जा चुके हैं। निगम आयुक्त ने निर्देश दिए कि चार्जिंग से संबंधित शेष व्यवस्थाएं भी शीघ्र पूरी की जाएं ताकि संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने बसों के पंजीयन, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, कंडक्टरों के प्रशिक्षण तथा अन्य सभी औपचारिकताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रीवा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड द्वारा इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 9 करोड़ रुपये है।
योजना के तहत रीवा से सतना, सीधी और जबलपुर मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी। प्रत्येक रूट पर दो-दो बसें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और प्रदूषण-मुक्त परिवहन सुविधा मिलेगी।
निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से शहर में सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रीवा को आधुनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
