जलभराव-बाढ़ के खतरे पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: वार्ड-10 में 400 मीटर से ज्यादा नाले का अतिक्रमण ध्वस्त
बुलेट रिपोर्टर रीवा। जिले में भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए प्रशासन ने अब अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने नालों और ड्रेनेज सिस्टम पर किए गए अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है।
इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक-10 में नाले की जमीन पर किए गए 400 मीटर से अधिक लंबे अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। बताया गया कि नाले के प्राकृतिक बहाव को बाधित करने वाले पक्के निर्माण और भारी बाउंड्रीवॉल के कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी।
400 मीटर से ज्यादा क्षेत्र कराया अतिक्रमण मुक्त
हुजूर एसडीएम अनुराग तिवारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि समान और रतहरा, वार्ड क्रमांक-10 क्षेत्र में नाले की जमीन पर बड़े पैमाने पर बाउंड्रीवॉल और पक्के निर्माण कर लिए गए थे।
प्रशासन के अनुसार करीब 400 मीटर लंबी सीमा में आधा एकड़ से अधिक शासकीय एवं नाले की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल, एसडीआरएफ और नगर निगम की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।
नालों के प्राकृतिक बहाव में बाधा बर्दाश्त नहीं
एसडीएम अनुराग तिवारी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण शहर में जलभराव की गंभीर स्थिति बन रही है। ऐसे में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नालों के प्राकृतिक बहाव को रोकने या नाले की जमीन पर निर्माण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शहर में नालों और नालियों पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित कर उन्हें हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
अमहिया, समान, ढेकहा और गुलाब नगर में भी कार्रवाई की तैयारी
प्रशासन और नगर निगम की टीमों द्वारा शहर के सभी वार्डों में निरीक्षण कर नालों और ड्रेनेज सिस्टम पर किए गए अतिक्रमणों की सूची तैयार की जा रही है।
विशेष रूप से अमहिया, समान, ढेकहा और गुलाब नगर क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर फोकस किया जा रहा है।
एसडीएम ने चेतावनी दी है कि शहर में बाढ़ और जलभराव से नागरिकों को बचाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नाले-नालियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और एसडीआरएफ रही मौजूद
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक, हुजूर एसडीएम अनुराग तिवारी, तहसीलदार शिव शंकर शुक्ला, एसडीआरएफ प्रभारी विकास पांडे सहित पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और नगर निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा।
बताया गया कि बीते दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गुलाब नगर सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया था। इसके बाद शहर में जल निकासी व्यवस्था सुधारने और नालों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को गति दी गई है।
वाइट: हुजूर एसडीएम अनुराग तिवारी
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
