अमरपाटन में नशे के खिलाफ पुलिस की अनूठी मुहिम, गुटखा-तंबाकू फिंकवाकर दिलाई नशामुक्ति की शपथ
बुलेट रिपोर्टर अमरपाटन, मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन में "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत पुलिस ने नशे के खिलाफ अनूठी जागरूकता मुहिम चलाई। थाना प्रभारी विजय परस्ते के नेतृत्व में बस स्टैंड के समीप आयोजित नुक्कड़ कार्यक्रम में राहगीरों और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों के पास मौजूद गुटखा, तंबाकू और अन्य नशे से जुड़ी सामग्री को उनकी स्वेच्छा से एकत्रित कर कूड़ेदान में डलवाया गया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों को आज से नशा न करने तथा दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
थाना प्रभारी विजय परस्ते ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इस सामाजिक अभियान से जोड़कर नशामुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करें।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
