जबलपुर में 12.766 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बुलेट रिपोर्टर जबलपुर। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच एवं थाना खमरिया की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा।
एएसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि खमरिया क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान काले रंग की स्कूटी क्रमांक एमपी 20 जेड वाय 5832 पर सवार दो संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान शिवम केशरवानी (32) और हर्षित केशरवानी (31), दोनों निवासी लार्डगंज, जबलपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने स्कूटी के पैरदान में रखे बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैगों से 12 किलो 766 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी सहित अन्य सामान भी जब्त किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा संबलपुर, ओडिशा से अज्ञात दुकानदारों से खरीदकर ट्रेन के माध्यम से जबलपुर लेकर आए थे। थाना खमरिया पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 20 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
