भिंड में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
भिंड | ब्यूरो रिपोर्ट
भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ग्वालियर लोकायुक्त इकाई ने भिंड जिले में बड़ी ट्रेप कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आवेदक राघवेंद्र बघेल पुत्र भैरव सिंह बघेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सरसेड पोस्ट सिमार, तहसील मेहगांव, जिला भिंड ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त ग्वालियर को शिकायत की थी।
शिकायत में बताया गया था कि उनकी पत्नी श्रीमती आरती बघेल के नाम कृषि भूमि के नामांतरण के एवज में हल्का पटवारी सिमार, तहसील मेहगांव के पटवारी संजय बघेल द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन में मामला सही पाए जाने के बाद 27 अगस्त 2026 को लोकायुक्त टीम ने ट्रेप कार्रवाई की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी संजय बघेल को उसके निवास के समीप स्थित सुरुचि ऑनलाइन सेंटर में आवेदक से 5 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में सुरुचि ऑनलाइन सेंटर के संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ट्रेप दल में शामिल अधिकारी
- निरीक्षक उपेंद्र दुबे — ट्रेप कर्ता अधिकारी
- निरीक्षक अभिषेक वर्मा
- प्रधान आरक्षक जसवंत शर्मा
- मनोज कुशवाहा
- देवेंद्र पवैया
- हेमंत शर्मा
- आरक्षक बलवीर, धीरज नायक, प्रशांत सिंह, सुनील राजपूत, विशंभर सिंह
लोकायुक्त पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय ग्वालियर में करें।
संपर्क सूत्र:
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त, संभाग ग्वालियर
फोन नंबर: 0751-2457121
ब्यूरो रिपोर्ट — भिंड, मध्यप्रदेश।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
