नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, आधा दर्जन से अधिक घायल, कई की हालत गंभीर
ब्रेकिंग | रीवा
नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, आधा दर्जन से अधिक घायल, कई की हालत गंभीर
बुलेट रिपोर्टर | रीवा
रीवा जिले के नेशनल हाईवे-30 पर रघुनाथगंज के पास रविवार को दो कारों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कई लोग वाहनों के अंदर ही फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत की। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही रघुनाथगंज पुलिस चौकी एवं मनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कुछ ही देर में 108 एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में उपचार जारी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घायलों की पहचान और हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
