रीवा में वैश्य समाज पर बढ़ते हमलों से आक्रोश, एसपी से कड़ी कार्रवाई की मांग
रीवा में वैश्य समाज पर बढ़ते हमलों से आक्रोश, एसपी से कड़ी कार्रवाई की मांग
बुलेट रिपोर्टर रीवा। जिले में वैश्य समाज के लोगों के साथ लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अखिल भारतीय केसरवानी वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.के. गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामलों में कड़ी कार्रवाई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
ज्ञापन में चार प्रमुख घटनाओं का उल्लेख किया गया है। समाज का आरोप है कि गंभीर मामलों में अपेक्षित कठोर धाराओं में कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
गोविंदगढ़ तालाब में मिला वैभव गुप्ता का शव
ज्ञापन के अनुसार अमहिया थाना क्षेत्र में 11 जुलाई 2026 को 25 वर्षीय वैभव गुप्ता उर्फ अंशु गुप्ता घर से निकले थे। 13 जुलाई को लोही ब्रिज के नीचे उनकी स्कूटी मिली, जबकि 14 जुलाई को गोविंदगढ़ तालाब से उनका शव बरामद हुआ। परिजनों के अनुसार शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई है।
घर में घुसकर संदीप गुप्ता को गोली मारने का आरोप
मनगवां थाना क्षेत्र में 28 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे 25 वर्षीय संदीप गुप्ता को घर में घुसकर गोली मारने की घटना सामने आई। वह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
शुभम और ऋषभ केशरवानी पर जानलेवा हमला
सुहागी थाना क्षेत्र के सोनौरी-चाकघाट डकरा गांव में 6 अगस्त 2026 को शुभम केशरवानी और ऋषभ केशरवानी पर करीब सात लोगों द्वारा घात लगाकर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। ज्ञापन में प्रदीप पटेल, दीपक पटेल, रुपेश पटेल और देवेश पटेल सहित अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं।
राम सुशील गुप्ता पर घर में घुसकर हमला
जवा थाना क्षेत्र में 21 जुलाई 2026 को 47 वर्षीय राम सुशील गुप्ता पर घर में घुसकर तलवार, रॉड और डंडों से हमला किए जाने का आरोप है। मामले में विपुल सिंह, सीमात सिंह, गोलू सिंह और अमर सिंह के नाम सामने आए हैं।
कठोर कार्रवाई की मांग
वैश्य समाज का आरोप है कि इन गंभीर घटनाओं में पुलिस द्वारा केवल सामान्य धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। समाज का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से आरोपियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
अखिल भारतीय केसरवानी वैश्य समाज ने पुलिस अधीक्षक से सभी मामलों की निष्पक्ष और गंभीर जांच, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
