विंध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष अजय सिंह पटेल ने मनगवां में विकास कार्यों की समीक्षा की, किया वृक्षारोपण
बुलेट रिपोर्टर रीवा/मनगवां।
विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय सिंह पटेल मंगलवार को मनगवां नगर परिषद पहुंचे। यहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर के विकास कार्यों की समीक्षा की तथा आगामी विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष बुटला बंसल, उपाध्यक्ष प्रमोद उर्मिला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनिलेश मिश्रा एवं इंजीनियर देवरत्न सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मनगवां के ऐतिहासिक मलकपुर तालाब के संरक्षण, भराव एवं सौंदर्यीकरण, सड़क, बिजली, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों में तेजी लाने पर विचार-विमर्श किया गया।
अजय सिंह पटेल ने कहा कि मनगवां से उनका पुराना जुड़ाव है और नगर के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में जिन विकास कार्यों पर चर्चा हुई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
बैठक के बाद नगर परिषद परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।
नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रमोद उर्मिला ने कहा कि मनगवां में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा विंध्य विकास प्राधिकरण के सहयोग से विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद कपूरचंद्र सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश बंसल, विधायक प्रतिनिधि जगजीवन लाल तिवारी, एल्डरमेन भागवत द्विवेदी, महिला पार्षद निसा बंसल, अशोक बंसल, भाजपा युवा नेता यादवेन्द्र गोस्वामी, नियामुल खान, पुष्पेंद्र मिश्रा, लवकुश गुप्ता सहित भाजपा संगठन के पदाधिकारी एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
