तेज रफ्तार बोलेरो का कहर: ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, आधा दर्जन घायल
बुलेट रिपोर्टर रीवा।
रीवा शहर के व्यस्त सिरमौर चौराहे स्थित बाल भारती स्कूल के सामने गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को निजी वाहनों एवं एंबुलेंस की सहायता से संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो तेज गति से आ रही थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
