खूंखार कुत्ते का आतंक, 16 लोगों को काटा: तीन गांवों में दहशत, घरों से निकलने में डर रहे ग्रामीण
बुलेट रिपोर्टर रीवा/मऊगंज। शाहपुर थाना क्षेत्र के अतरैला, महौता और सेमरिहा गांव में एक खूंखार कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर 16 लोगों को काटकर घायल कर दिया। अचानक लोगों पर हमला करने वाले कुत्ते के कारण ग्रामीण घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कुत्ता रास्ते से गुजरने वाले लोगों को देखते ही उन पर हमला कर देता है। अतरैला निवासी 66 वर्षीय रामपति सिंह भी कुत्ते के हमले में घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि कुत्ते ने रास्ते से गुजर रहे कई लोगों को निशाना बनाया, जिसके बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
बताया गया कि महौता गांव में एक बच्ची और सेमरिहा गांव में एक छोटे बच्चे को भी कुत्ते ने काट लिया। घटना के बाद परिजन घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग स्थानों पर लेकर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों के चलते तीनों गांवों में लोग सतर्क हो गए हैं और बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से भी डर रहे हैं।
ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ने की मांग की
लगातार हो रहे हमलों के बाद ग्रामीणों ने संबंधित प्रशासन और नगर निकाय से खूंखार कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कुत्ते को नहीं पकड़ा गया तो किसी बड़ी घटना की आशंका बनी रहेगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
