ऑपरेशन प्रहार-2: मनगवां पुलिस ने मक्के की आड़ में ले जाई जा रही 20 क्विंटल गांजे की खेप पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा |
रीवा जोन के आईजी डॉ. गौरव राजपूत द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार-2' के तहत रीवा जिले की मनगवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मक्के की बोरियों की आड़ में उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही करीब 20 क्विंटल गांजे की खेप बरामद की है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा गांजे का अंतिम वजन और आधिकारिक कीमत अभी जारी नहीं की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा, मनगवां एसडीओपी प्रतिभा शर्मा और सीएसपी राजीव पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा एवं उनकी टीम ने की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका गया और तलाशी के दौरान मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई गांजे की खेप बरामद की गई।
कार्रवाई में हेडक्वार्टर डीएसपी हिमाली पाठक, समान थाना प्रभारी आशीष मिश्रा, गोविंदगढ़ थाना प्रभारी विजय सिंह, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला सहित कई थानों की पुलिस टीम शामिल रही। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस खेप के परिवहन में स्थानीय स्तर पर किन लोगों की भूमिका रही और मनगवां सहित आसपास के क्षेत्रों के कौन-कौन तस्कर इस नेटवर्क से जुड़े हैं।
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। बरामद गांजे का अंतिम वजन, जब्ती पंचनामा और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद मनगवां एवं आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय गांजा तस्करों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस की लगातार दबिश के चलते कई संदिग्ध तस्कर अपने ठिकाने छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
