विशालकाय अजगर का खौफनाक हमला, लोमड़ी को निगला; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बुलेट रिपोर्टर पन्ना। जंगल की दुनिया में शिकार और शिकारी के बीच संघर्ष का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। शाहनगर वन परिक्षेत्र के मरहा चौकी के पास सोमवार सुबह एक विशालकाय अजगर ने लोमड़ी को अपना शिकार बना लिया। अजगर द्वारा लोमड़ी को जकड़कर निगलने का यह खौफनाक नजारा कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया गया कि स्थानीय जनपद सदस्य अरविंद सिंह ने घटना का वीडियो साझा करते हुए इसकी सूचना वन विभाग को दी। वीडियो में विशाल अजगर लोमड़ी को अपने शिकंजे में जकड़े हुए दिखाई दे रहा है। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत के साथ कौतूहल का माहौल देखने को मिला। वन क्षेत्र में अजगर द्वारा लोमड़ी को शिकार बनाए जाने का दृश्य देखकर लोग हैरान रह गए। वन विभाग को सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार अजगर अपनी शारीरिक क्षमता के आधार पर छोटे और मध्यम आकार के जीवों का शिकार करते हैं। जंगल में ऐसी घटनाएं प्राकृतिक खाद्य श्रृंखला का हिस्सा होती हैं।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
