रीवा में आधी रात शराबियों का तांडव, सड़क पर पत्थर रखकर राहगीरों को रोकने की कोशिश
बुलेट रिपोर्टर रीवा। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत अनंतपुर के पास देर रात करीब 12 बजे कुछ लोगों ने शराब के नशे में सड़क पर जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि 5 से 6 अज्ञात लोग एक दुकान में शराब का सेवन कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय रोड के बीचों-बीच पत्थर रख दिए और वहां से गुजरने वाले राहगीरों को रोकने की कोशिश की।
सड़क पर पत्थर रखे होने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक सड़क पर अवरोध खड़ा होने से वाहन चालकों के लिए भी परेशानी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही मौके से भागे लोग
पुलिस के मौके पर पहुंचते ही शराब का सेवन कर रहे लोग वहां से फरार हो गए। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां करीब चार-पांच लोग शराब पीते मिले। पुलिस को देखते ही सभी मौके से भाग निकले।
थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस अब सड़क पर पत्थर रखने और हंगामा करने वाले लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रात में राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल
विश्वविद्यालय रोड पर आधी रात सड़क के बीच पत्थर रखकर राहगीरों को रोकने की कोशिश की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
