मौत बनकर दौड़ा हाइवा, डिवाइडर से टकराते ही आग का गोला बना
सतना बुलेट रिपोर्टर | रीवा रोड पर सोमवार रात एक तेज रफ्तार हाइवा बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराया और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गया। रात के सन्नाटे में उठती आग की ऊंची लपटों ने राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। गनीमत रही कि चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, अन्यथा यह हादसा एक बड़े अग्निकांड में बदल सकता था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात नो-एंट्री खुलने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हुई थी। रात करीब 10:30 बजे रीवा की ओर से आ रहा हाइवा (एपी-31-टीएच-8001) फ्लाईओवर से उतरते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा पलट गया और कुछ ही पलों में उसमें भीषण आग लग गई। चालक किसी तरह जान बचाकर बाहर निकला और मौके से भाग गया।
हादसे के बाद रीवा रोड पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत डायल-112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कोलगवां थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक हाइवा लगभग पूरी तरह जल चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक लपटें दिखाई दे रही थीं। कुछ देर के लिए ऐसा लगा मानो पूरा वाहन विस्फोट कर जाएगा। इस दौरान एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रारंभिक आशंका है कि डिवाइडर से टक्कर के बाद हाइवा का डीजल टैंक फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में लेटेराइट अथवा बॉक्साइट जैसा खनिज लोड था। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी दावा किया कि चालक भागते समय लड़खड़ा रहा था, जिससे उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ सेकंड की यह लापरवाही कई परिवारों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती थी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
