रीवा पुलिस की विशाल जन-जागरूकता रैली, 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत दिया नशामुक्ति का संदेश
'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत रीवा पुलिस की विशाल जन-जागरूकता रैली
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के अंतर्गत रीवा पुलिस ने शहर में विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली का उद्देश्य आमजन और विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
रैली का शुभारंभ पुलिस कंट्रोल रूम परिसर से हुआ। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, सभी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां पुलिस अधिकारियों और प्रतिभागियों ने लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार और युवाओं को नशे की लत से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, सेवन और तस्करी जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
सामाजिक संस्थाओं द्वारा नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने कहा कि 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' केवल एक अभियान नहीं बल्कि नशामुक्त समाज बनाने का जनआंदोलन है। युवाओं को शिक्षा, खेल, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म किया जा सकता है।
रीवा पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संदेश:
"नशे से दूरी है जरूरी 2.0 : स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और नशामुक्त मध्य प्रदेश की ओर एक सशक्त कदम।"
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
