छुहिया घाटी में दो यात्री बसों की आमने-सामने भिड़ंत, दर्जनभर यात्री घायल
रीवा। बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो
रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-शहडोल राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित छुहिया घाटी में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। आमचुआ मोड़ के समीप दो यात्री बसों की आमने-सआमने भिड़ंत में करीब दर्जनभर यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, एक यात्री बस रीवा से शहडोल की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस शहडोल से रीवा की ओर आ रही थी। छुहिया घाटी के आमचुआ मोड़ पर दोनों बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बसों से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे में करीब दर्जनभर यात्री घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में मोड़ पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
