एक साल से फरार गैंगरेप का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, रक्षाबंधन पर बहन के घर पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा
एक साल से फरार गैंगरेप का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, यूपी से दबोचा
बुलेट रिपोर्टर रीवा। जवा थाना पुलिस ने नाबालिग से गैंगरेप के मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के खीरी थाना क्षेत्र के पालपट्टी गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन के घर पहुंचा था, जिसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, जवा थाना क्षेत्र में नाबालिग पीड़िता को अकेला पाकर आरोपी राहुल उर्फ दीपक कुमार चर्मकार ने अपने साथी के साथ मिलकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाया भी था।
गर्भवती होने के बाद सामने आया मामला
बताया गया कि पीड़िता के गर्भवती होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने जवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। घटना के बाद से मुख्य आरोपी राहुल उर्फ दीपक कुमार चर्मकार लगातार फरार चल रहा था।
बहन के घर पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने की दबिश
इसी दौरान जवा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश के पालपट्टी गांव में अपनी बहन के घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी को रीवा लेकर आई, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
