हैदराबाद में गैस लीकेज से लगी आग में झुलसा सतना का परिवार, मां-बेटी की मौत; पिता-पुत्र की हालत गंभीर
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो, सतना |
रोजगार की तलाश में हैदराबाद गए सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के हिनौती गांव के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गैस सिलेंडर से लीकेज के बाद लगी भीषण आग में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। उपचार के दौरान मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता और पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, हिनौती निवासी शिवप्रसाद साकेत (40) अपनी पत्नी रानी साकेत (38), पुत्री निधि साकेत (17) और पुत्र शेरबहादुर साकेत (15) के साथ कई वर्षों से हैदराबाद में रहकर मजदूरी कर रहे थे।
बताया गया कि 9 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे घर में चाय बनाते समय गैस सिलेंडर से लीकेज होने के कारण अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे परिवार के चारों सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद चारों को हैदराबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। करीब छह दिन बाद स्वास्थ्य में आंशिक सुधार होने पर उन्हें एंबुलेंस से सतना लाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में रानी साकेत और निधि साकेत की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
वहीं, शिवप्रसाद साकेत और शेरबहादुर साकेत को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे से हिनौती गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
