बेलन नदी उफान पर, डीह पुल के ऊपर बहा पानी; 12 गांवों का संपर्क टूटा
बुलेट रिपोर्टर त्योंथर। लगातार हो रही बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद बेलन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी डीह पुल के ऊपर खतरे के निशान से भी ऊपर बह रहा है, जिससे क्षेत्र के करीब 12 गांवों का संपर्क एक बार फिर टूट गया है। वहीं, चाकघाट स्थित शंकरघाट मंदिर के गर्भगृह तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार, रीवा के बाकिया बैराज के साथ उत्तर प्रदेश के मेजा और अदवा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद बेलन नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है।
प्रशासन द्वारा नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को नदी से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है। इसके अलावा विभिन्न माध्यमों से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। प्रशासन की टीमें भी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
एसडीएम राकेश चौरसिया ने बताया कि नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी के आसपास नहीं जाने की लगातार समझाइश दी जा रही है। प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
