सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंगामा, याचिकाकर्ता ने जजों पर फेंके कागज
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंगामा, याचिकाकर्ता ने जजों पर फेंके कागज
CJI के खिलाफ भी की अभद्र टिप्पणी, सुरक्षा कर्मियों ने कोर्ट रूम से बाहर निकाला; अवमानना की कार्रवाई पर हो सकता है विचार
नई दिल्ली (बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो)।
सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई के दौरान अभूतपूर्व स्थिति उस समय पैदा हो गई, जब स्वयं अपनी पैरवी कर रहे एक याचिकाकर्ता ने अदालत में हंगामा कर दिया। इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक आदेश को चुनौती देने वाली याचिका की सुनवाई के दौरान उसने न्यायाधीशों की ओर कागजात फेंक दिए और कथित तौर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया।
यह घटना जस्टिस के.वी. विश्वनाथन और जस्टिस आलोक अराधे की खंडपीठ के समक्ष हुई। अदालत ने याचिकाकर्ता को कई बार शांत रहने और न्यायिक प्रक्रिया का पालन करने के लिए कहा, लेकिन वह लगातार आक्रामक व्यवहार करता रहा।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, याचिकाकर्ता सुनवाई के दौरान अदालत को निर्देश देने की कोशिश कर रहा था और लखनऊ के एसीपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। इसके बाद उसने अपनी केस फाइल और अन्य दस्तावेज बेंच की ओर फेंक दिए।
स्थिति बिगड़ने पर अदालत के निर्देश पर सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए याचिकाकर्ता को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया। घटना के बाद न्यायालय की कार्यवाही सामान्य रूप से आगे बढ़ाई गई।
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि अदालत की गरिमा भंग करने और न्यायिक कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न करने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अवमानना (Contempt of Court) की कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में न्यायालय की ओर से अंतिम निर्णय आना शेष है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
