रीवा में हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी: 8 सील पैक पिस्टल और कारतूस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
रीवा | बुलेट रिपोर्टर
रीवा पुलिस ने विंध्य क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में 8 सील पैक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में दो शातिर हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को आशंका है कि यह खेप किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से लाई जा रही थी।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. गौरव राजपूत को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई का नेतृत्व सीएसपी ऋतु उपाध्याय ने किया। इस ऑपरेशन में चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह तथा साइबर सेल प्रभारी मृगेंद्र सिंह और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
8 सील पैक पिस्टल और कारतूस जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 नई सील पैक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में यह खेप संगठित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।
इंदौर से जुड़े नेटवर्क की तलाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हथियार तस्करी का नेटवर्क इंदौर से जुड़ा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसके लिए मंगाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
चोरहटा थाना पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
