सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर रीवा में आस्था का सैलाब, शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रीवा। बुलेट रिपोर्टर।
सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन अवसर पर रीवा में आस्था का सैलाब देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के बावजूद सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजन के लिए शिवालयों में पहुंच रहे हैं।
रीवा के महामृत्युंजय किला स्थित 1008 छिद्र वाले भोले बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिल रही है। महिला, पुरुष और बच्चे उत्साह के साथ भगवान शिव के दर्शन कर रहे हैं। वहीं नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालु नाग देवता की पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं।
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय
महामृत्युंजय किला, कोठी कंपाउंड सहित शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी हुई है। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रहे हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट है। मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजाम किए गए हैं।
23 वर्षों से जारी है विशाल भंडारे की परंपरा
रीवा किला स्थित महामृत्युंजय मंदिर में सराफा परिवार द्वारा पिछले 23 वर्षों से सावन के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज भी सुबह से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद के रूप में मालपुआ का वितरण किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में भक्त भगवान के दर्शन करने के साथ महाप्रसाद भी ग्रहण कर रहे हैं।
बारिश भी नहीं रोक पाई भक्तों की आस्था
सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के एक साथ पड़ने से पूरे रीवा में धार्मिक उत्साह का माहौल है। भारी बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति के आगे फीकी नजर आ रही है। शिवालयों में उमड़ी भीड़ और गूंजते जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय नजर आ रहा है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
