रीवा में सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़, भारी बारिश में भी दर्शन के लिए लगी लंबी कतार
बुलेट रिपोर्टर रीवा। सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए रीवा में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए भगवान शिव के दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे। इस दौरान मंदिर परिसर लगातार “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंजते रहे।
रीवा के ऐतिहासिक किला स्थित महामृत्युंजय मंदिर में भी बारिश के बीच भक्तों की लंबी लाइन देखने को मिली। श्रद्धालु बारिश की परवाह किए बिना भगवान महामृत्युंजय के दर्शन के लिए कतार में डटे रहे।
शहर में जगह-जगह भंडारों का आयोजन
सावन के आखिरी सोमवार के अवसर पर शहर में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। किला क्षेत्र में जयशंकर ग्रुप की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। वहीं, कोठी कंपाउंड स्थित शिव मंदिर में शिव बारात आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा कराया गया।
इसके अलावा मालियन टोला स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट
मंदिरों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट नजर आया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा।
सावन के आखिरी सोमवार पर पूरा रीवा शहर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
