जांबाज़ पुलिस अधिकारी आर.डी. कानवा बने डीएसपी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहनाई रैंक
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा/भोपाल।
मध्य प्रदेश पुलिस के तेजतर्रार एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी आर.डी. कानवा निरीक्षक पद से पदोन्नत होकर अब उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) बन गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयोजित समारोह में आर.डी. कानवा को डीएसपी की रैंक पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आर.डी. कानवा का पुलिस सेवा में लंबा और उल्लेखनीय अनुभव रहा है। उन्होंने उपनिरीक्षक के रूप में रीवा जिले के मनगवां, नईगढ़ी और सेमरिया थानों में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद निरीक्षक के रूप में इंदौर, भोपाल सहित मालवा क्षेत्र के प्रमुख शहरों में पदस्थ रहते हुए अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस विभाग में आर.डी. कानवा की पहचान एक अनुशासित, गंभीर, निष्पक्ष और सख्त कार्यशैली वाले अधिकारी के रूप में रही है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ उनकी प्रभावी कार्रवाई के चलते वे हमेशा चर्चा में रहे हैं। उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण अभियानों को सफलता मिली और कानून व्यवस्था को मजबूती मिली।
डीएसपी पद पर पदोन्नति के बाद आर.डी. कानवा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पदोन्नति उनके लिए सम्मान के साथ-साथ नई जिम्मेदारी भी है। वे आगे भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करते रहेंगे।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
