स्पोर्ट्स के लिए सबकुछ करेगी सरकार, सीएम डॉ. मोहन बोले- 230 विधानसभा क्षेत्रों में बनाएं स्टेडियम
बुलेट रिपोर्टर भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्टेडियम बनाए जाएंगे। सरकार ने प्रदेश में खेलों की सभी विधाओं को बढ़ावा देने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री 16 अगस्त को भोपाल के बोट क्लब पर आयोजित राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैम्पियनशिप-2026 के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों की तस्वीर बदली है। मध्यप्रदेश भी खेलों के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 खेलों में से 11 खेलों की अकादमियां संचालित की जा रही हैं और सरकार खेलों को लगातार प्रोत्साहित करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक खेलों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। ओलंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का योगदान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेलों में स्थिति पहले 14-15वें स्थान के आसपास थी, जो अब तीसरे स्थान तक पहुंच गई है।
खेलों को शिक्षा से जोड़ा गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब खेलों को केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि नई शिक्षा नीति के तहत इसे शिक्षा का हिस्सा बनाया गया है। कोचों के लिए भी बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोच असिस्टेंट प्रोफेसर से लेकर वाइस चांसलर तक के पदों तक पहुंच सकें, इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोचों की भी चिंता कर रही है और खेलों का बजट लगातार बढ़ाया जा रहा है। भारत द्वारा भविष्य में ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने के प्रयासों का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।
खिलाड़ियों को दी बधाई
राजा भोज तालाब की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सेलिंग चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को संघर्ष के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और उनके संघर्ष का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में खेलों का इतिहास हजारों वर्ष पुराना है। उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में शारीरिक क्षमता, प्रतियोगिता और पुरुषार्थ को हमेशा महत्व दिया गया है।
कार्यक्रम में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। समारोह में प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
