'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत मनगवां में जागरूकता रैली, छात्रों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत शुक्रवार को रीवा जिले के मनगवां स्थित संदीपनी विद्यालय में पुलिस प्रशासन द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा, संदीपनी विद्यालय के प्राचार्य के.सी. अवधिया, समाजसेवी, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
इसके बाद विद्यालय परिसर से मनगवां के प्रमुख मार्गों तक नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो", "नशे से दूरी है जरूरी" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान नागरिकों से भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज के लिए विनाशकारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों में रंगोली, खेलकूद प्रतियोगिताएं, संवाद कार्यक्रम एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
बाइट: एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, मनगवां।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
