खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई, रम्पत डेयरी से संदिग्ध मावा जब्त
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत कलेक्टर रीवा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर से लगे क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान रोसर रीवा स्थित रम्पत डेयरी के कारखाने में दबिश देकर संदिग्ध मावा जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, टीम के अचानक पहुंचने पर डेयरी संचालक रामपति यादव ने टीम को बाहर रोकने का प्रयास किया और संदिग्ध मावा कारखाने के पीछे खेत में लगी कंटीली झाड़ियों में छिपा दिया। टीम को संदेह होने पर अंदर जाकर जांच की गई, जहां मावा बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने पर मावा को जब्त कर लिया गया।
टीम ने कारखाने में तैयार किए जा रहे मावा और दही के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं। इसके अलावा कुठुलिया मोड़ स्थित शगुन डेयरी से पनीर और मावा के नमूने लिए गए।
वहीं नेहरू नगर स्थित बालकृष्ण डेयरी में जांच के दौरान मावा का स्टॉक मिला। डेयरी संचालक सच्चिदानंद पांडे ने पूछताछ में बताया कि यह मावा उनके कारखाने में तैयार नहीं किया गया है, बल्कि मानिकपुरा के व्यापारी मातादीन से खरीदकर रक्षाबंधन के लिए रखा गया था। टीम ने मावा के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे ने बताया कि मिलावट के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
