ऑपरेशन प्रहार-2.0: मक्के की बोरियों में छिपाकर ले जा रहे 20 क्विंटल 30 किलो गांजा जब्त, 4.61 करोड़ की खेप सहित ट्रक पकड़ा; दो तस्कर गिरफ्तार
अपडेट खबर
रीवा | बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो
प्रदेश सरकार के नशा विरोधी अभियान "नशे से दूरी है, बहुत जरूरी" के तहत रीवा जिले की मनगवां पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे 20 क्विंटल 30 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि ट्रक सहित कुल 4 करोड़ 61 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि यूपी नंबर UP 63 T 3170 का एक ट्रक मनगवां बायपास स्थित ग्राम आंबी ओवरब्रिज के नीचे खड़ा है। सूचना थी कि ट्रक में मक्के की बोरियों के बीच भारी मात्रा में गांजा छिपाकर इलाहाबाद की ओर ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की घेराबंदी कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में रखी मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया 20 क्विंटल 30 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, ट्रक और मक्का दाना जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
4.61 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने—
- 20 क्विंटल 30 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 4 करोड़ 6 लाख रुपये)
- ट्रक (UP 63 T 3170) (अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये)
- मक्का दाना (अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये)
जब्त किया। कुल जब्ती का मूल्य करीब 4 करोड़ 61 लाख रुपये आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- मनोज कुमार हरिजन (25), निवासी अटारी, थाना मनिहार, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)
- सुनील कुमार कोल (35), निवासी अटारी, थाना मनिहार, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है तथा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन डॉ. गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) संदीप मिश्रा, एसडीओपी मनगवां प्रतिभा शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा तथा उनकी टीम द्वारा की गई।
स्थानीय तस्कर भी पुलिस के रडार में
बताया जाता है कि इस गाजा के अंतरराज्यीय तस्करी कारोबार में मनगवां सहित रीवा जिले के अन्य कुछ तस्करों का भी नाम सामने आ रहा है जिनके द्वारा काफी समय से इस क्षेत्र में गाजा की सप्लाई की जा रही है लेकिन पुलिस के पकड़ से दूर थे और अब इस घटना के बाद पुलिस की राडर में आ गए हैं।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
