मनगवां विधानसभा की जनसमस्याओं को लेकर आमजन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा 6 सूत्रीय ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी
विधानसभा की जनसमस्याओं को लेकर आमजन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा 6 सूत्रीय ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। मनगवां विधानसभा क्षेत्र के गढ़, गंगेव एवं लालगांव की मूलभूत जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर गुरुवार को आमजन अधिकार पार्टी, इकाई मनगवां ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, जल निकासी, अधूरी पेयजल योजना, सार्वजनिक शौचालय, शासकीय महाविद्यालय एवं सड़क-नाली निर्माण जैसी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि गढ़, गंगेव और लालगांव बाजारों में लंबे समय से साफ-सफाई की व्यवस्था बदहाल है। नालियों के अभाव में बारिश और घरों का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो जाता है, जिससे कीचड़, गड्ढे और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
पार्टी ने गढ़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक एवं कन्या विद्यालय परिसर में फैली गंदगी और खुले में पेशाब किए जाने की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल सफाई अभियान चलाने तथा नए सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की मांग की।
इसके अतिरिक्त गढ़ बाजार में सार्वजनिक शौचालय, क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना तथा गढ़-लोरी मार्ग पर अधूरी पड़ी नल-जल योजना को शीघ्र पूरा कर पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
ज्ञापन में लालगांव बाजार में पक्की नालियों एवं सड़कों के निर्माण की मांग करते हुए कहा गया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आमजन अधिकार पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो एसडीएम कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन एवं जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में पार्टी अध्यक्ष रंजन गुप्ता, महासचिव शैलेन्द्र सोनी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष गयासुद्दीन खान, महिला अध्यक्ष संगीता पटेल, महिला शहर अध्यक्ष चांदनी गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, मनगवां अध्यक्ष राजू नामदेव, नगर अध्यक्ष बृजलाल सोनी, उपाध्यक्ष राहुल सेन, महिला शहर उपाध्यक्ष प्रीति चौरसिया, महिला शहर सचिव मनीष शर्मा, श्रीमती मंजू सोनी, छात्र सभा अध्यक्ष अभिमन्यु रावत, हर्षित गुप्ता, राजन कुशवाहा, मृत्युंजय यादव, महेंद्र गुप्ता, राजा खान, रामगोपाल गुप्ता, रोहित गुप्ता, रमेश सोंधिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
