जंगल से गांव तक बाघ की दस्तक: पालतू घोड़े का किया शिकार, पांढरवानी में दहशत
बुलेट रिपोर्टर सिवनी। जिले के समीपी ग्राम पांढरवानी में बाघ की आमद ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को गांव के जंगल से लगे क्षेत्र में एक पालतू घोड़ा मृत मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि घोड़े का शिकार बाघ ने किया है। इसके बाद विभाग ने पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मृत घोड़ा अधिवक्ता शाहिद रज़ा के फार्म हाउस के पास जंगल की सीमा पर मिला। घोड़े के शरीर पर मिले गहरे घाव और घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर वन अमले ने बाघ के हमले की पुष्टि की है।
घटना के बाद पांढरवानी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ अब जंगल से निकलकर आबादी के नजदीक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के साथ-साथ मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त, निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात के समय जंगल की ओर जाने से बचें, मवेशियों को खुले में न छोड़ें और यदि कहीं बाघ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
