ऑपरेशन प्रहार-2.0: लग्जरी कार से नशीली कफ सिरप की खेप जब्त, सतना का तस्कर गिरफ्तार
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। आईजी डॉ. गौरव राजपूत द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन में चोरहटा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार से उत्तर प्रदेश से लाई जा रही नशीली कफ सिरप की खेप जब्त कर सतना निवासी उपेन्द्र द्विवेदी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लग्जरी कार में नशीली कफ सिरप रीवा लाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी पवन शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद हुई, जिसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करहिया मंडी के पास किराये के मकान में रहकर नशीली कफ सिरप का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। वह उत्तर प्रदेश से खेप लाकर रीवा एवं आसपास के क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करता था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सप्लायर, खरीददारों और पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत रीवा पुलिस लगातार मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। हाल ही में मनगवां थाना पुलिस ने भी चार लाख रुपये से अधिक मूल्य का गांजा जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया था।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
