युवा ही बदलाव की सबसे बड़ी ताकत, महंगाई-बेरोजगारी से जूझ रही नई पीढ़ी : राजेंद्र मिश्रा
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। विश्व युवा दिवस के अवसर पर मनगवां में आयोजित कार्यक्रम में गुढ़ क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य राजेंद्र मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश और दुनिया में जब भी कोई बड़ा परिवर्तन या क्रांति हुई है, उसका नेतृत्व युवाओं ने ही किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी महंगाई, बेरोजगारी और अनेक चुनौतियों से जूझ रही है तथा उसके सामने भविष्य की दिशा को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि आज का युवा एक ओर रोजमर्रा की जिंदगी के संघर्षों से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर उसे लगातार नई-नई परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के बजाय अपनी सत्ता बचाने में अधिक व्यस्त दिखाई देती है।
उन्होंने राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण, दिल्ली के जंतर-मंतर पर वांगचंग के धरने, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट तथा किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध न होने जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन समस्याओं ने युवाओं को आश्चर्यचकित, चिंतित और निसहाय बना दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं के प्रभावी समाधान नहीं किए गए तो देश और दुनिया को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। श्री मिश्रा ने कहा कि समाज में संगति, एकरूपता और सामूहिक प्रयासों से ही युवाओं का कल्याण संभव है, जबकि विसंगति से किसी समस्या का समाधान नहीं निकल सकता।
कार्यक्रम को जन शिक्षण संस्थान के संचालक सुनील शुक्ला, राजवर्धन तिवारी, मांडवी शुक्ला, आभा विश्वकर्मा एवं रजत सोनी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं से सामाजिक सरोकारों, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
