सोशल मीडिया पर वायरल इटमा वॉटरफॉल की खूबसूरती, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था की कमी बनी चिंता
बुलेट रिपोर्टर रीवा। रीवा जिले का इटमा वॉटरफॉल इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्राकृतिक खूबसूरती और संगमरमर जैसी चट्टानों के बीच बहते पानी का मनमोहक दृश्य देशभर से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। छुट्टियों के दिनों में यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था का अभाव चिंता का विषय बन गया है।
रीवा जिले की टोंस परियोजना से निकलने वाले पानी से निर्मित इटमा वॉटरफॉल अपनी सुंदर वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पर्यटकों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में बहता पानी ऐसा प्रतीत होता है मानो संगमरमर की चट्टानों से दूध की धारा बह रही हो। यही खूबसूरती देश के अलग-अलग हिस्सों से लोगों को यहां खींचकर ला रही है।
सुरक्षा इंतजामों का अभाव
पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बावजूद मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। न तो सुरक्षा कर्मियों की तैनाती है और न ही बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड जैसी जरूरी व्यवस्थाएं दिखाई देती हैं। इसके अलावा कुछ लोग खुलेआम शराब का सेवन करते नजर आते हैं, जिससे माहौल खराब होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
तेज बहाव के कारण हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार वॉटरफॉल में पानी का बहाव काफी तेज रहता है। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने के कारण यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार अब तक लगभग तीन लोगों की जान भी जा चुकी है।
बाइट – पर्यटक
प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि प्रशासन को यहां सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक इंतजाम करने चाहिए, ताकि परिवार के साथ आने वाले पर्यटक सुरक्षित माहौल में इस प्राकृतिक स्थल का आनंद ले सकें।
इस मामले में रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने इटमा वॉटरफॉल पर सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि पर्यटकों को भी ऐसे स्थानों पर जाते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक यहां सुरक्षा के स्थायी इंतजाम सुनिश्चित करता है।
बाइट – नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर रीवा
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
