चित्रकूट में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, यूपी के 5 बदमाश गिरफ्तार
बुलेट रिपोर्टर सतना।
चित्रकूट पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात की रेकी में इस्तेमाल कार और चोरी की बोलेरो बेचने से मिले करीब 31 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामला 11 अगस्त का है। हमीरपुर निवासी मानिकचंद्र राजपूत परिवार के साथ बोलेरो क्रमांक यूपी 91 एफ 6135 से चित्रकूट आए थे। उन्होंने अपनी बोलेरो गुरुकृपा होटल के सामने खड़ी की और परिवार के साथ परिक्रमा के लिए चले गए। कुछ घंटे बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने चित्रकूट थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान हंसराज सिंह ने डीएसपी आशुतोष त्यागी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की। टीम ने घटनास्थल और संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमजी उर्फ ओमप्रकाश अवस्थी (27), आदित्य सिंह उर्फ चंदन (27), रवि पाल (25), आलोक सिंह (32) और सतीश उर्फ बबलू सेन (27) के रूप में हुई है। सभी आरोपी फतेहपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।
अमावस्या पर करते थे रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अमावस्या के दौरान चित्रकूट पहुंचे थे। यहां उन्होंने पहले रेकी की और फिर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बोलेरो चोरी कर ली। चोरी की गई बोलेरो को उत्तर प्रदेश में ही बेच दिया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेकी में इस्तेमाल कार और बोलेरो की बिक्री से प्राप्त करीब 31 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल किया है। अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के फरार सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही चित्रकूट में पूर्व में हुई वाहन चोरी की घटनाओं से भी आरोपियों के कनेक्शन की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में डीएसपी आशुतोष त्यागी, टीआई निलेश तिवारी, बरौंधा टीआई अभिनव सिंह, साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह, एएसआई केपी पांडेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
